रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पूर्व आईएएस अधिकारी और प्रख्यात लेखक बीकेएस रे का 77 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक, राजनीतिक और साहित्यिक जगत में शोक की लहर फैल गई।
बीकेएस रे वर्ष 1972 बैच के आईएएस अधिकारी थे। अपने लंबे प्रशासनिक करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे मुख्य सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त सहित अनेक अहम पदों पर रहे और अपनी कार्यशैली तथा प्रशासनिक दक्षता के लिए जाने जाते थे।
प्रशासनिक सेवा के साथ-साथ बीकेएस रे साहित्य के क्षेत्र में भी बेहद सक्रिय रहे। उन्होंने 50 से अधिक पुस्तकों का लेखन किया और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान प्राप्त किए। उनकी रचनाओं में प्रशासन, समाज और समसामयिक विषयों की गहरी समझ दिखाई देती है।
उनके निधन पर जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, साहित्यकारों और समाज के विभिन्न वर्गों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। लोगों ने उन्हें एक कुशल प्रशासक, चिंतक और संवेदनशील लेखक के रूप में याद किया।



