रायपुर। भीषण गर्मी के बीच राजधानी रायपुर में बिजली की खपत लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। प्रदेश में वर्तमान में लगभग 5300 मेगावाट बिजली की मांग है, जिसमें अकेले रायपुर की हिस्सेदारी 500 मेगावाट से अधिक पहुंच गई है। यह राज्य की कुल बिजली खपत का करीब 10 प्रतिशत है।
बिजली विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में रायपुर का बिजली लोड करीब 70 मेगावाट बढ़ा है। अप्रैल 2023 में जहां शहर का लोड 439 मेगावाट था, वहीं अप्रैल 2026 में यह बढ़कर 508 मेगावाट तक पहुंच गया। इसी अवधि में उपभोक्ताओं की संख्या भी लगातार बढ़ी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती गर्मी, घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में एसी के बढ़ते उपयोग तथा इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग से बिजली की मांग तेजी से बढ़ रही है। शहर की कई कॉलोनियों में एक-एक मकान में बड़ी संख्या में एसी लगे होने से पीक आवर्स में लोड काफी बढ़ जाता है।
बढ़ती मांग को देखते हुए बिजली कंपनी ने शहर में ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और नेटवर्क को मजबूत करने का काम शुरू किया है। अधिकारियों का दावा है कि पर्याप्त बिजली उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति देने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।



