अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच में जुटी विशेष जांच टीम (SIT) ने लगातार चौथे दिन भी कार्रवाई तेज रखी। जांच के दौरान मिले CCTV फुटेज में छेड़छाड़ के संकेत मिलने के बाद मामले को और गंभीरता से लिया जा रहा है। SIT अब तक 60 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है, जिनमें ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी, कर्मचारी, बैंक कर्मी और सेवादार शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार जांच टीम ने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कई अधिकारियों और मुख्य ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा से भी विस्तृत पूछताछ की है। CCTV रिकॉर्डिंग, दान पेटियों से नकदी निकालने और उसकी गणना की प्रक्रिया की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में कुछ संदिग्ध गतिविधियां सामने आने के बाद कई लोगों को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
SIT को प्रारंभिक जांच में कुछ कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हुई है। रिपोर्टों के अनुसार कुछ संदिग्धों से रकम बरामद होने और कई नाम सामने आने की भी चर्चा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित गड़बड़ी में कौन-कौन लोग शामिल थे और CCTV फुटेज से छेड़छाड़ किस स्तर पर की गई।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित तीन सदस्यीय SIT को जल्द ही अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपनी है। मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।



