नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और अब उत्तर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, गुजरात और बिहार के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय होगा, जिससे भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश, आंधी और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी लगातार बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मध्य भारत, पश्चिमी तट और पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। भारी वर्षा के कारण निचले इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से आवश्यक सावधानी बरतने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।



