नई दिल्ली। वैश्विक ई-कॉमर्स और क्लाउड कंपनी अमेजन ने भारत में वर्ष 2030 तक 48 अरब डॉलर (करीब 4.5 लाख करोड़ रुपये) के निवेश की घोषणा की है। कंपनी के सीईओ एंडी जेसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान निवेश और विस्तार की योजनाओं की जानकारी साझा की।
कंपनी के अनुसार, 2026 से 2030 के बीच क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर बड़े पैमाने पर निवेश किया जाएगा। इस निवेश का उद्देश्य भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और तकनीकी क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा करना है।
अमेजन ने 2030 तक 38 लाख रोजगार अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य भी रखा है। इसके अलावा कंपनी 40 लाख सरकारी स्कूलों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने, छोटे कारोबारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से सशक्त बनाने और डिलीवरी सहयोगियों के लिए विशेष कल्याणकारी कार्यक्रमों का विस्तार करने की योजना पर भी काम करेगी। इस निवेश को भारत के तकनीकी और आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



