रायपुर। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन, आरती और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और देश की उन्नति की कामना की गई।
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में खारून नदी तट पर भव्य खारून महाआरती एवं दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के दौरान राष्ट्र की समृद्धि, विकास और जनकल्याण के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।
वहीं रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने गायत्रीनगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान 12 पंडितों का सम्मान किया गया तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया गया।
रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी ने आकाशवाणी चौक स्थित काली मंदिर में पूजा-अर्चना में भाग लिया। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में धार्मिक, सामाजिक और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर प्रसाद वितरण, दीप प्रज्ज्वलन, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई।



