खैरागढ़। कलेक्टोरेट परिसर स्थित जिला आबकारी कार्यालय के कर्मचारियों के कथित शराब सेवन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए मुख्य लिपिक सहित दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में जिला आबकारी कार्यालय के कुछ कर्मचारी कार्यालयीन समय के दौरान शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में आरोप गंभीर पाए जाने पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुख्य लिपिक वीरेन्द्र सिंह यादव के खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला आबकारी कार्यालय खैरागढ़-छुईखदान-गंडई निर्धारित किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत विभागीय जांच जारी है और जांच में अन्य कर्मचारियों की भूमिका सामने आने पर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और कार्य संस्कृति से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में सरकारी कार्यालयों से जुड़े ऐसे मामलों के सामने आने के बाद प्रशासन ने जवाबदेही और अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इस कार्रवाई को भी उसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



