रायपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को छत्तीसगढ़ में जिला मुख्यालयों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य शासन ने आयोजन को सफल बनाने के लिए मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को विभिन्न जिलों की जिम्मेदारी सौंपते हुए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं राज्यपाल रमेन डेका की उपस्थिति में सामूहिक योगाभ्यास का विशेष आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है। शासन के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में सुबह सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। विभिन्न जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रमों की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।
राज्य सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार विभिन्न जिलों में मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को मुख्य अतिथि नामित किया गया है। सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर नागरिकों को योग अपनाने और स्वस्थ जीवन जीने का संदेश देंगे।
प्रदेशभर में होने वाले इन आयोजनों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। योग दिवस को जनभागीदारी का उत्सव बनाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।



