बलौदाबाजार। जिले के कसडोल क्षेत्र के ग्राम पुराना खरवे में पिछले चार महीनों के दौरान हुई 8 रहस्यमयी मौतों का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मामले में गांव के ही एक व्यापारी को गिरफ्तार किया गया है, जिसे पुलिस ने साइको किलर बताया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मामूली विवाद, गाली-गलौज, रंजिश, अंधविश्वास और पत्नी पर गलत नजर रखने जैसी बातों से नाराज होकर लोगों को निशाना बनाता था। वह शराब में ‘सुहागा’ नामक जहरीला पदार्थ मिलाकर अपने शिकार को पिलाता था, जिससे उनकी मौत हो जाती थी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब लगातार हो रही मौतों को लेकर ग्रामीणों ने संदेह जताते हुए एसडीओपी को आवेदन दिया। इसके बाद पुलिस ने गहन जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने एक-एक कर कई हत्याओं की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अलग-अलग समय पर गांव के कई लोगों को अपना निशाना बनाया। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने जहरीले पदार्थ का परीक्षण पहले कुत्तों पर किया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।



