मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अनूप बेसरा के इलाज के लिए दिए 10 लाख रुपये, 48 घंटे में पूरी हुई प्रक्रिया

0

नेमरा/रामगढ़। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में पहल करते हुए रामगढ़ जिले के बेराटांड़ के भरेच नगर निवासी रामकिशुन बेसरा के करीब छह वर्षीय पुत्र अनूप बेसरा के कान के इलाज के लिए 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। यह सहायता मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत चिकित्सा अनुदान के रूप में दी गई। आवश्यक प्रक्रियाएं महज 48 घंटे के भीतर पूरी कराई गईं।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन इन दिनों अपनी दिवंगत माता स्व. रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के सिलसिले में अपने पैतृक गांव नेमरा में हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर उनसे मिलने पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दे रहे हैं।

इसी क्रम में रामकिशुन बेसरा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपने बेटे अनूप के कान के इलाज में आने वाले भारी खर्च के कारण आर्थिक सहायता की मांग की थी। अनूप का इलाज तमिलनाडु के वेल्लौर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। चिकित्सकों ने उसके आंतरिक कान (इंटरनल ईयर) को बदलने की सलाह दी है, जिसके उपचार में काफी खर्च होने की बात सामने आई।

मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया। इसके बाद रामगढ़ जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी औपचारिकताएं 48 घंटे के भीतर पूरी कराईं। इसके परिणामस्वरूप अनूप बेसरा को नेमरा में ही 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।

आर्थिक सहायता से इलाज में मिलेगी मदद

आर्थिक सहायता मिलने पर अनूप के पिता रामकिशुन बेसरा ने राहत व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस मदद से अब अपने बेटे के इलाज में काफी सहयोग मिलेगा।

मुख्यमंत्री की इस पहल से गंभीर बीमारी से जूझ रहे बच्चे के उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध हो सकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here