महासमुंद। कथावाचक एवं निराकारियों आश्रम के संचालक चायवाले बाबा उर्फ नरेंद्र नयन शास्त्री को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने आगे की पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के लिए दो दिन की अतिरिक्त रिमांड की मांग की, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से प्राप्त सामग्री की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही गूगल क्रोम हिस्ट्री, वेबसाइट गतिविधियों और डिजिटल रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसियां इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से प्राप्त तस्वीरों और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया जाना है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सकता है।
इससे पहले न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी की अदालत ने आरोपी को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था। रिमांड अवधि समाप्त होने पर पुलिस ने प्रगति रिपोर्ट पेश करते हुए आगे पूछताछ की आवश्यकता बताई, जिसके बाद अदालत ने दो दिन की अतिरिक्त रिमांड स्वीकृत कर दी।
पुलिस का कहना है कि मामले में जुटाए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी साक्ष्य जांच की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



