राष्ट्रीय अवकाश के दिन प्रशिक्षण कार्यक्रम का विरोध, 14 अप्रैल को पूर्ण अवकाश की मांग

0

बहुजन समाज पार्टी (छत्तीसगढ़) ने राज्य सरकार से मांग की है कि 14 अप्रैल, जो कि डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के रूप में राष्ट्रीय अवकाश घोषित है, उस दिन किसी भी प्रकार का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित न किया जाए।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टंडन द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 14 अप्रैल को छत्तीसगढ़ जनगणना विभाग द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जो कि शासन द्वारा घोषित राष्ट्रीय अवकाश की भावना के विपरीत है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि इस प्रकार के कार्यक्रम से कर्मचारियों को असुविधा होती है, क्योंकि इस दिन वे सामाजिक एवं पारिवारिक दायित्वों में भी संलग्न रहते हैं। साथ ही, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेना भी उनके लिए महत्वपूर्ण होता है।

बहुजन समाज पार्टी ने मांग की है कि उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम को किसी अन्य कार्य दिवस में स्थानांतरित किया जाए, ताकि सभी संबंधित कर्मचारी बिना किसी बाधा के उसमें सहभागिता कर सकें। साथ ही 14 अप्रैल 2026 को पूर्ण अवकाश सुनिश्चित किया जाए।

पार्टी ने आशा व्यक्त की है कि राज्य सरकार इस विषय पर संवेदनशीलता दिखाते हुए उचित निर्णय लेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here