बिहार विधान परिषद (MLC) के उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की शानदार जीत के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के तेवर काफी तल्ख नजर आ रहे हैं। भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार सीट पर आरजेडी प्रत्याशी सोनू राय की जीत को तेजस्वी ने जनता का बड़ा फैसला बताया है। इस जीत से उत्साहित तेजस्वी यादव ने एक बार फिर ईवीएम (EVM) पर सवाल उठाए और दावा किया कि अगर देश में सभी चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं, तो भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ेगा।
ईवीएम और छल-कपट का लगाया आरोप
तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि मशीन से वोटिंग होने पर सत्ता में बैठे लोग ‘छल-कपट’ का सहारा लेते हैं। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि अगर वह चुनाव बैलेट पेपर से हुआ होता, तो महागठबंधन 150 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाता। तेजस्वी ने तर्क दिया कि जब ईवीएम से होने वाली मतगणना में भी रात के एक-दो बज जाते हैं और उतना ही समय लगता है, तो फिर बैलेट पेपर से चुनाव कराने में क्या बुराई है? उन्होंने इसे लोकतंत्र की पारदर्शिता के लिए जरूरी बताया।
आरजेडी ने जेडीयू के गढ़ में लगाई सेंध
भोजपुर-बक्सर एमएलसी सीट पर हुआ यह उपचुनाव जेडीयू के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। आरजेडी के सोनू राय ने जेडीयू प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद को 350 से अधिक मतों के अंतर से हरा दिया। गौरतलब है कि यह सीट पहले जेडीयू के राधाचरण साह के पास थी। उनके विधायक बनने के बाद यह सीट खाली हुई थी। जेडीयू ने राधाचरण के बेटे कन्हैया प्रसाद को मैदान में उतारा था, लेकिन वे अपने पिता की विरासत को बचाने में नाकाम रहे और आरजेडी ने यह सीट जेडीयू से छीन ली।
तेजस्वी ने कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी
तेजस्वी यादव ने इस जीत का श्रेय आरजेडी के समर्पित नेताओं, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को दिया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय के प्रतिनिधियों ने बैलेट के माध्यम से अपना स्पष्ट संदेश दे दिया है।



