बलौदाबाजार। पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा डीजल-पेट्रोल की बचत को लेकर की गई अपील के बाद बलौदाबाजार जिले के कई इलाकों में पेट्रोल पंपों पर अचानक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंचे, जिससे कई जगहों पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अपील के बाद ईंधन की उपलब्धता को लेकर लोगों में चिंता बढ़ी, जिसके चलते पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों ने स्पष्ट किया है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से संयम बरतने और आवश्यकता अनुसार ही ईंधन भरवाने की सलाह दी है, ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके।
डिपो से सप्लाई में हो रही कटौती
वहीं पेट्रोल पंप संचालक एवं डीलर भी शॉर्ट सप्लाई की बात स्वीकार कर रहे हैं। डीलरों का कहना है कि डिपो से ही कटौती की जा रही है आपूर्ति में कमी आई है।



