बॉलीवुड अभिनेता जावेद जाफरी (Javed Jaffrey) की पत्नी हबीबा जाफरी (Habiba Jaffrey) के साथ करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस हाई-प्रोफाइल केस में बीएमसी के एक असिस्टेंट कमिश्नर समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
निवेश के नाम पर ठगी
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हबीबा जाफरी और उनके परिवार को प्रॉपर्टी निवेश में बड़ा मुनाफा होने का लालच दिया। आरोप है कि इसी बहाने उनसे करीब 16.24 करोड़ रुपये की ठगी की गई। इस मामले में कारोबारी निशित पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
BMC नोटिस से शुरू हुआ मामला
जानकारी के अनुसार, अप्रैल 2024 में हबीबा जाफरी को अंधेरी स्थित उनके बंगले के प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर बीएमसी का नोटिस मिला था। इसी दौरान उनकी मुलाकात बीएमसी के असिस्टेंट कमिश्नर महेश पाटिल से कराई गई। आरोप है कि महेश पाटिल ने टैक्स मामला सुलझाने का भरोसा दिलाकर उन्हें एक बड़े कमर्शियल प्रोजेक्ट में निवेश करने की सलाह दी।
फर्जी दस्तावेज दिखाकर जीता भरोसा
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने खुद को बड़े बिल्डर्स और सरकारी अधिकारियों से जुड़ा बताया। उन्होंने नक्शे, फर्जी लेटर और प्रोजेक्ट की तस्वीरें दिखाकर जाफरी परिवार का भरोसा जीता। इतना ही नहीं, कथित रजिस्ट्री प्रक्रिया के दौरान फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल भी किया गया।
परिवार ने बेच दी प्रॉपर्टी
बताया जा रहा है कि भरोसे में आकर जाफरी परिवार ने अपनी कई प्रॉपर्टी बेचकर निवेश किया। पुलिस के अनुसार, यह रकम अलग-अलग कंपनियों के खातों में ट्रांसफर की गई। बाद में जब असली दस्तावेज मांगे गए, तो आरोपी टालमटोल करने लगे।
बड़े रैकेट की जांच
मुंबई क्राइम ब्रांच अब यह जांच कर रही है कि कहीं इस मामले के पीछे कोई बड़ा ठगी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस बैंक ट्रांजैक्शन, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है। वहीं, बाकी फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।



