भारत की जीत के हीरो बने तिलक वर्मा, नीतीश रेड्डी के साथ मिलकर न्यूजीलैंड को दी मात

0

नई दिल्ली
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली है. न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने मुकाबले को अपने नाम कर लिया.

एक समय टीम इंडिया के 5 विकेट जल्दी गिर गए थे और मैच पूरी तरह संकट में था. ऐसे में युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने अपनी शानदार और समझदारी भरी पारी से हारी हुई बाजी पलट दी. तिलक वर्मा की इस पारी की हर कोई तारीफ कर रहा है.

मैच के बाद तिलक ने अपनी इस दमदार पारी और ड्रेसिंग रूम के अंदर हुई उस बातचीत का खुलासा किया, जिसने मैदान पर उनका हौसला बढ़ाया. कोच गौतम गंभीर के साथ हुई उनकी बातचीत के बारे में बात करते हुए वह थोड़े भावुक नजर आए.

प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद बात करते हुए तिलक वर्मा ने इमोशनल अंदाज में बताया कि जब टीम के लगातार विकेट गिर चुके थे, तब उनके दिमाग में क्या चल रहा था. तिलक ने खुलासा किया कि मैच से ठीक पहले मेरी बात कोच गौतम सर और सीतांशु कोटक सर से हुई थी.

उन्होंने मुझसे एक ही बात कही थी कि हम सब तुम पर और पूरा देश तुम पर भरोसा करता है. अगर तुम अंत तक क्रीज पर टिके रहे तो मैच जिताकर लौटोगे. बस यही बात मेरे दिमाग में चल रही थी और मैं खेल को जितना हो सके अंत तक ले जाना चाहता था.

तिलक ने नमन धीर के साथ हुई साझेदारी का जिक्र करते हुए बताया कि पिच थोड़ी धीमी थी, इसलिए उन्होंने और नमन ने स्पिनर्स के खिलाफ बाउंड्री मारने के साथ-साथ दौड़कर रन चुराने की रणनीति बनाई. उन्होंने कहा कि उन्होंने और नमन ने 4-5 बार दो-दो रन लिए, जो टीम के लिए बहुत अहम साबित हुए.

इसके बाद अंत में नीतीश कुमार रेड्डी के साथ मिलकर उन्होंने मैच को फिनिश किया. तिलक ने हंसते हुए कहा कि आज मैदान पर हैदराबाद के लड़के (नीतीश और वह खुद) का जलवा देखने को मिला, और उन्हें बेहद खुशी है कि वे टीम को जीत दिला पाए.
 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here