साय कैबिनेट की बैठक आज: मानसून सत्र, अनुपूरक बजट और किसानों से जुड़े बड़े फैसलों की संभावना

0

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। मंत्रालय महानदी भवन में होने वाली इस बैठक में आगामी मानसून सत्र की तैयारियों के साथ कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार कैबिनेट में 13 जुलाई से शुरू होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र की रणनीति पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा चालू वित्तीय वर्ष के लिए अनुपूरक बजट और उससे जुड़े विधेयकों के प्रारूप को भी मंजूरी मिल सकती है।

बैठक में आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए धान सहित अन्य फसलों की बुआई की तैयारियों, किसानों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता तथा कृषि व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की जाएगी। राज्य सरकार किसानों को समय पर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्णय ले सकती है।

इसके साथ ही विभिन्न विभागों में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों एवं नई नियुक्तियों से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है। कैबिनेट की बैठक को लेकर प्रशासनिक महकमे में भी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

वहीं, आदिमजाति विकास विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक भी मंगलवार को आयोजित होगी, जिसमें विभागीय योजनाओं की प्रगति, शिक्षा सत्र की तैयारियों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here