अब रोज चार घंटे खान-पान की दुकानों की जांच करेगा निगम, सड़ी-गली सब्जियों और फलों पर भी कार्रवाई

0

रायपुर। बारिश के मौसम से पहले संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर नगर निगम ने विशेष निरीक्षण अभियान शुरू किया है। निगम आयुक्त विश्वदीप मिश्रा के निर्देश पर अब प्रतिदिन चार घंटे तक खाद्य पदार्थों से जुड़ी दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी।

अभियान के तहत होटल, रेस्टोरेंट, नाश्ता केंद्र, बेकरी, आइसक्रीम पार्लर, मांस-मटन और मछली की दुकानों के साथ-साथ फल एवं सब्जी बाजारों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सड़ी-गली सब्जियां, फल और अन्य खराब खाद्य सामग्री मिलने पर तत्काल जब्ती एवं नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम के अधिकारियों को सभी 70 वार्डों में सार्वजनिक और निजी शौचालयों में नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस कार्य की प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक 15 दिन में प्रस्तुत करनी होगी।

इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पेयजल के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाएगी। पानी की गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी ताकि नागरिकों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने, घरों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई रखने तथा खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here