कांकेर/बालोद। छत्तीसगढ़ के लिए सोमवार का दिन गौरव और सम्मान लेकर आया। प्रदेश के तीन वीर जवानों को उनकी असाधारण बहादुरी, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए राष्ट्रपति द्वारा प्रतिष्ठित ‘शौर्य चक्र’ से सम्मानित किया गया। इस सम्मान से पूरे प्रदेश का मान बढ़ा है।
सम्मानित होने वालों में कांकेर जिले में पदस्थ पुलिस निरीक्षक लक्ष्मण केवट और रामेश्वर देशमुख के साथ बालोद जिले के निवासी असम राइफल्स के जवान भोजराम साहू शामिल हैं। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में इन तीनों वीरों को वीरता सम्मान प्रदान किया गया।
लक्ष्मण केवट और रामेश्वर देशमुख ने छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान अदम्य साहस, उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता और रणनीतिक कौशल का परिचय दिया। उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने कई महत्वपूर्ण अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया और नक्सल मोर्चे पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।
वहीं, असम राइफल्स के जवान भोजराम साहू ने भी अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान असाधारण वीरता और समर्पण का परिचय दिया। उनके साहसिक कार्यों को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया।
प्रदेश के इन तीनों वीर सपूतों को मिला शौर्य चक्र सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत पराक्रम का सम्मान है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की सुरक्षा व्यवस्था और जवानों के अदम्य साहस का भी प्रतीक है। सम्मान की इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है।



