रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना का प्रस्ताव रखा। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य के विकास, जनकल्याण और विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि नई दिल्ली और गोवा में संचालित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान आयुर्वेद आधारित चिकित्सा, अनुसंधान और नवाचार के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इस संस्थान की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी तथा आयुर्वेद चिकित्सकों और शोधकर्ताओं को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, आधारभूत संरचना विस्तार और जनहितकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी केंद्रीय गृह मंत्री को दी। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य के विकास और जनकल्याण संबंधी योजनाओं के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



