आरती स्पंज और डीपॉजिट-04 खदान के खिलाफ हजारों ग्रामीणों का प्रदर्शन, फर्जी ग्रामसभा और अवैध खनन के आरोप

0

दंतेवाड़ा। आरती स्पंज एंड पावर लिमिटेड तथा डीपॉजिट-04 खदान परियोजना के विरोध में गुरुवार को हजारों ग्रामीण सड़कों पर उतर आए। बस्तरिया राज मोर्चा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने दंतेवाड़ा से लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय तक विशाल प्रदर्शन किया और विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि डीपॉजिट-04 परियोजना को फर्जी ग्रामसभा के आधार पर मंजूरी दी गई है। साथ ही आरती स्पंज द्वारा खनन शुरू किए बिना ही रिकॉर्ड में लौह अयस्क उत्पादन और परिवहन दर्शाने जैसी गंभीर अनियमितताएं की गई हैं। ग्रामीणों ने इन मामलों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि खदान से प्रभावित कई गांवों की ग्रामसभाओं को परियोजना संबंधी जानकारी नहीं दी गई और स्थानीय लोगों की सहमति के बिना प्रक्रियाएं पूरी की गईं। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और पुनर्वास से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए।

प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से फर्जी ग्रामसभा, जनसुनवाई और खनन दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही खदान में उपयोग होने वाली मशीनरी, डीजल खपत और उपग्रह चित्रों के माध्यम से वास्तविक स्थिति की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी रखी गई।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here