इंदौर में रिश्तों का खौफनाक अंत, प्रेम विवाह से नाराज नाबालिग ने बहन का सुहाग उजाड़ा

    0

    इंदौर

     प्रदेश के इंदौर में बहन के प्रेम विवाह से नाराज एक 16 वर्षीय नाबालिग ने अपने ही जीजा की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात खुड़ैल थाना क्षेत्र के नीलगिरी परिसर में हुई। मृतक ने करीब दो साल पहले नाबालिग की बहन से प्रेम विवाह किया था। इसी बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखता था। पुलिस ने नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर वारदात में इस्तेमाल किया गया सब्जी काटने का चाकू बरामद कर लिया है।

    टीआई करणी सिंह शक्तावत के मुताबिक, मृतक की पहचान 22 वर्षीय दीपक पुत्र गोपाल निवासी राणायर बरोठा, जिला देवास के रूप में हुई है। दीपक ने दो साल पहले गांव की ही गायत्री से प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में इस शादी से नाराज गायत्री के स्वजन ने दोनों से दूरी बना ली थी। हालांकि, कुछ समय बाद परिवार में फिर से बातचीत और आना-जाना शुरू हो गया था।

    सास की बाहरवीं में शामिल होने आया था दीपक

    बुधवार को दीपक अपनी बड़ी सास रामकन्या की बाहरवीं में शामिल होने नीलगिरी परिसर आया था। रात में घर पर भजन-कीर्तन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान रात करीब दो बजे अचानक दीपक के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो दीपक जमीन पर खून से लथपथ पड़ा मिला। टेंट की आड़ में उस पर चाकू से हमला किया गया था।

    धमकाने की बात पर हुआ विवाद, गुस्से में किया हमला

    परिजन घायल दीपक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। पुलिस ने मामले की जांच के बाद 16 वर्षीय आरोपी को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि दीपक उससे बात नहीं करने पर धमका रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में उसने सब्जी काटने वाले चाकू से जीजा पर हमला कर दिया।

    पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

     

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here