रायपुर। राजधानी रायपुर में निर्माणाधीन स्काईवॉक परियोजना एक बार फिर विवादों में आ गई है। गुरुवार रात आंधी-बारिश के दौरान स्काईवॉक के दो बड़े पैनल सड़क पर गिर गए। राहत की बात यह रही कि घटना के कुछ सेकंड पहले ही वहां से बाइक सवार गुजर चुके थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, 27 मई को भी स्काईवॉक से पैनल गिरने की घटना सामने आई थी। इसके बाद जंग लगे और कमजोर पैनलों को हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कार्रवाई अधूरी रहने के कारण फिर से पैनल गिर गए। लगातार दूसरी घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह पैनल किसी वाहन या राहगीर पर गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और जिम्मेदार एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई गई।
स्काईवॉक परियोजना की कुल लागत 77.10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अब दोबारा हुई इस घटना के बाद प्रशासन और निर्माण एजेंसियों की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों ने पूरे ढांचे की तकनीकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



