बॉलीवुड में फ्लॉप हीरो, साउथ में है सुपरस्टार का दर्जा, फिल्मों और बिजनेस से बनाया 1400 करोड़ का नेटवर्थ
बॉलीवुड में फ्लॉप का टैग पाने वाले साउथ के सुपरस्टार राम चरण ने फिल्मों ही नहीं बिजनेस में भी अपना नाम बढ़ाया है.

डेब्यू फिल्म से हो रही चर्चा

एक्टिंग और डांसिंग में महारत हासिल करने के बाद राम चरण ने साल 2007 में ‘चिरुथा’ फिल्म से डेब्यू किया. पहली फिल्म में ही उन्हें बेस्ट मेल डेब्यू का अवॉर्ड मिला, लेकिन असली पहचान साल 2009 में आई फिल्म ‘मगधीरा’ से बनी. एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राम चरण ने डबल रोल निभाया और यह तेलुगु सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक साबित हुई.
ऑस्कर जीतकर रचा इतिहास

इसके बाद राम चरण ने ‘ऑरेंज’, ‘राचा’, ‘नायक’ और ‘येवादू’ जैसी कई सफल फिल्में दीं. लेकिन उनका सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ साल 2022 में रिलीज निर्देशक एसएस राजा मौली की फिल्म ‘आरआरआर’. जूनियर एनटीआर के साथ नजर आए राम चरण को इस फिल्म ने पूरी दुनिया में सुपरस्टार बना दिया. जानकारी के अनुसार, 550 करोड़ रुपए के बजट वाली ‘आरआरआर’ ने बॉक्स ऑफिस पर 1,300 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की. फिल्म का गाना ‘नाटू-नाटू’ ऑस्कर अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच गया.
रिपोर्ट के अनुसार, गाने की शूटिंग के दौरान राम चरण को 12 दिन लगे और लगातार प्रैक्टिस करने से उनके घुटनों में दर्द भी हो गया था. ‘आरआरआर’ की सफलता के बाद राम चरण का नाम हॉलीवुड तक पहुंच गया. उनकी एक्टिंग, डांस और स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ हर तरफ हो रही है. हालांकि, बॉलीवुड में उनका अनुभव अच्छा नहीं रहा. साल 2013 में उन्होंने प्रियंका चोपड़ा और संजय दत्त के साथ ‘जंजीर’ के रीमेक में काम किया, लेकिन फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हो गई. यहां तक कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना बजट भी वसूल नहीं कर पाई.
साउथ की कपूर फैमिली से है ये सुपरस्टार

कम ही लोग जानते हैं कि राम चरण सिर्फ अभिनेता नहीं हैं, बल्कि एक सफल बिजनेसमैन भी हैं. उन्होंने एयरलाइन कंपनी और पोलो राइडिंग क्लब जैसे कई कारोबार खड़े किए हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, राम चरण का अकेले का नेटवर्थ 1,370 से 1,400 करोड़ का है. उनकी मेगा फैमिली भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी है. उनके चाचा पवन कल्याण और नागेंद्र बाबू भी तेलुगु सिनेमा के बड़े सितारे हैं. यही नहीं पुष्पा स्टार अल्लू अर्जुन उनके कजिन हैं. राम चरण की दो बहनें सुष्मिता और श्रीजा हैं, जो मीडिया से दूर रहती हैं.



