मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बड़ी लापरवाही : स्टाफ नहीं मिला तो मरीज के दोस्त ने की ड्रेसिंग, VIDEO वायरल

0

कोरबा। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां अस्पताल के ड्रेसिंग रूम में स्टाफ के नदारद रहने पर मरीज के दोस्त को ही ड्रेसिंग करनी पड़ी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया है।

जानकारी के अनुसार, रामपुर निवासी हुकुम कुमार का कुछ दिन पहले पथरी का ऑपरेशन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हुआ था। ऑपरेशन के बाद टांके खुलने और दर्द बढ़ने पर वह अपने दोस्त चंदन कुमार के साथ ड्रेसिंग कराने अस्पताल पहुंचा था।आरोप है कि ड्रेसिंग रूम में काफी देर तक कोई स्टाफ मौजूद नहीं मिला, जिसके बाद मरीज के दोस्त चंदन कुमार ने खुद ही ड्रेसिंग कर दी। इस दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। मामले की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सह अधीक्षक रविकांत जाटवर मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। सह अधीक्षक रविकांत जाटवर ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच की गई है। वीडियो में मरीज का साथी ड्रेसिंग करते हुए दिखाई दे रहा है। उस समय ड्रेसिंग रूम में कर्मचारी मौजूद था और उसने मरीज के दोस्त को ऐसा करने से मना भी किया था, लेकिन इसके बावजूद उसने खुद ड्रेसिंग कर दी।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि ड्रेसिंग रूम में स्टाफ मौजूद था तो फिर मरीज के परिजन को खुद ड्रेसिंग करने की नौबत क्यों आई? यही सवाल अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन मामले की जांच की बात कह रहा है, लेकिन वायरल वीडियो ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य व्यवस्था और कर्मचारियों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

देखें वायरल वीडियो –

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here