नई दिल्ली: अगर आप भी बढ़े हुए तापमान और चुभती गर्मी से परेशान हो गए हैं तो मौसम अब आपके लिए राहत लेकर आने वाला है. दिल्ली-यूपी राजस्थान समेत देश के कई राज्यों में बारिश-आंधी के साथ तेज हवाएं गर्मी के तेवर ढीले कर देंगे. मौसम विभाग ने 11 मई से 13 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी इलाकों में भी इसका असर देखने को मिलेगा. बता दें कि इस बार अप्रैल के मुकाबले मई के पहले पखवाड़े तक गर्मी का तेज कम ही रहा है. आइए आपको आज और कल के मौसम का हाल बता देते हैं.
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान लगाया है.अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. दिल्ली में 11-13 मई तक मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक जा सकता है. 12 और 13 मई को भी तापमान इतना ही रहेगा. 14 मई से मौसम साफ हो जाएगा. 16 मई से तापमान 40 डिग्री को छूने लगेगा. पंजाब-हरियाणा की बात करें तो 11 मई से 14 मई तक आंधी-बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. 15 मई के बाद इन दो प्रदेशों में मौसम सामान्य होगा.

पहाड़ी इलाकों का हाल जानिए
11 से 13 मई के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान मुजफ्फरबाद में छिटपुट से लेकर काफी व्यापक हल्की से मध्यम वर्षा/बर्फबारी, छिटपुट गरज, बिजली और तेज हवाएं (40-60 किमी प्रति घंटा की गति तक) चलने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 11 से 15 मई, उत्तराखंड में 11 से 14 मई के दौरान बारिश-बर्फबारी और तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगा. 11 और 12 मई को जम्मू-कश्मीर – लद्दाख – गिलगित-बाल्टिस्तान – मुजफ्फरबाद में छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना है.हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 12 और 13 मई को ऐसा ही मौसम रहेगा.



