आईपीएल मैच का अलर्ट : डेढ़ हजार पुलिस जवान, चप्पे-चप्पे पर कैमरे, 8 आईपीएस, 20 अफसर करेंगे निगरानी

0

रायपुर। राजधानी के नवागांव स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने जा रहे आईपीएल मैच को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच पहला मुकाबला होने जा रहा है। बताया जा रहा है, मुंबई इंडियंस का उत्साह बढ़ाने के लिए अंबानी परिवार स्वयं मौजूद रह सकता है। साथ ही अनुष्का शर्मा के अलावा बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां पहुंच सकती हैं। इन वीआईपी के पहुंचने की अब तक अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

डीआईजी के निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था
आईपीएल मैच में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा की कमान 8 आईपीएस अफसरों के हाथों में है, जिनके साथ 20 राजपत्रित अधिकारी और करीब 1500 जवान तैनात किए जाएंगे। आईजी अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में डीआईजी गिरिजाशंकर जायसवाल सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। दर्शकों की सुविधा के लिए ट्रैफिक प्लान को भी बेहद बारीकी से तैयार किया गया है, जिसमें 300 से ज्यादा ट्रैफिक जवान तैनात किए जाएंगे।

दर्शकों के लिए पार्किंग और स्टेडियम में प्रवेश व्यवस्था
स्टेडियम पहुंचने पांच अलग-अलग रूटः स्टेडियम तक पहुंचने के लिए कुल 5 अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। दर्शक मैच देखने 12 अलग-अलग प्रवेश द्वार से स्टेडियम के अंदर प्रवेश करेंगे। रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर और धमतरी से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल, सेंध तालाब और परसदा में व्यवस्था की गई है। वीआईपी रूट को पूरी तरह आरक्षित रखा गया है, ताकि सेलिब्रिटीज और खिलाड़ियों की आवाजाही निर्बाध रूप से हो सके।

IPL Security

स्टार खिलाड़ियों की सुरक्षा
खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए नो एंट्री जोन मैच के दौरान स्टार खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए ‘नो एंट्री’ जोन बनाए गए हैं, जहां बिना आधिकारिक अनुमति के पुलिसकर्मियों को भी जाने की अनुमति नहीं होगी। स्टार खिलाड़ियों के पास मिलने जाने वालों की सूची सीमित की गई है। खिलाड़ियों की आवाजाही के रूट से लेकर उनकी हर गतिविधि की सीसीटीवी कैमरों के साथ वीडियोग्राफी के माध्यम से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगरानी की जाएगी।

430 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए
मैच के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्रिकेट स्टेडियम के आसपास को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। इसीलिए पुलिस क्रिकेट स्टेडियम से सटे क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी नहीं कर सकती। ऐसे में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्रिकेट स्टेडियम के सभी एंट्री गेट में सीसीटीवी कैमरा लगाने के साथ स्टेडियम पहुंचने के सभी मार्गों पर 430 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस के लिए अलग से इमरजेंसी रूट तैयार किए गए हैं।

स्टेडियम ले जाने प्रतिबंधित सामान
सुरक्षा कारणों से 14 प्रकार की वस्तुओं को स्टेडियम के अंदर ले जाना प्रतिबंधित किया गया है, इनमें शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा तंबाकू, माचिस और लाइटर। पानी की बोतलें, बाहरी खाद्य सामग्री, टिफिन और कांच के कंटेनर, चाकू, धारदार वस्तुएं, पटाखे और अन्य ज्वलनशील पदार्थ के अलावा सिक्के, बैग, हेलमेट और पालतू जानवर भी स्टेडियम के अंदल ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस कमिश्नरेट से ट्रैफिक बल
आईपीएल मैच में सुरक्षा के लिए सभी जिलों से पुलिस जवान बुलाए गए हैं। मैच में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक सिपाहियों की तैनाती की गई है। पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस जवान शहर के अंदर की सुरक्षा व्यवस्था देखेंगे। मैच में किसी भी तरह से विघ्न नहीं पहुंचे इस बात को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नरेट के जवान शहर के अंदर संदिग्धों की निगरानी करने के साथ उनकी धर पकड़ करने का काम करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here