हॉकी में मध्यप्रदेश का शानदार प्रदर्शन, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बना उपविजेता

    0

    टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दिखाया शानदार प्रदर्शन
    खेल मंत्री सारंग ने खिलाड़ियों को दी बधाई, कहा— मध्यप्रदेश की टीम की उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत

    भोपाल
    झांसी में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 में हॉकी मध्यप्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और उप विजेता बनकर रजत पदक हासिल किया। बुधवार, 21 अक्टूबर को खेले गए डिवीजन 'ए' के रोमांचक फाइनल मुकाबले में मध्यप्रदेश को हॉकी हरियाणा के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। खिताबी मुकाबले में मध्यप्रदेश की ओर से मोहम्मद ज़ैद खान ने मैदानी गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई, लेकिन हरियाणा ने वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

    फाइनल में मध्यप्रदेश ने बनाई शुरुआती बढ़त
    हॉकी मध्यप्रदेश और हॉकी हरियाणा के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। मैच के 14वें मिनट में मध्यप्रदेश के मोहम्मद ज़ैद खान ने मैदानी गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। शुरुआती बढ़त के बाद मध्यप्रदेश की टीम ने मुकाबले में अपनी स्थिति मजबूत करने का प्रयास किया।

    हरियाणा के नवराज सिंह ने 21वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों के बीच मुकाबला रोमांचक बना रहा। मैच के 50वें मिनट में हरियाणा के जोगिंदर सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। बढ़त के साथ हरियाणा ने चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया।

    खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई
    सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मध्यप्रदेश राज्य हॉकी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने फाइनल तक पहुंचने के लिए खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। मंत्री श्री सारंग ने विश्वास जताया कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे।        

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here