बारिश से डूबा रायपुर-दुर्ग हाईवे: टाटीबंध के पास 4 किमी लंबा जाम, वीवीआईपी मूवमेंट से बढ़ी परेशानी

0

रायपुर। राजधानी रायपुर और दुर्ग के बीच स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को भारी बारिश के कारण जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई। टाटीबंध क्षेत्र में नाली और सर्विस रोड की तकनीकी खामियों के चलते पानी हाईवे पर भर गया, जिससे करीब 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वाहनों की कतार कुम्हारी टोल नाके तक पहुंच गई और हजारों यात्री घंटों तक परेशान होते रहे।

स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब मुख्यमंत्री समेत अन्य वीवीआईपी मूवमेंट की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग की टीमों को मौके पर बुलाया गया और जल निकासी तथा यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू किए गए।

अधिकारियों की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नालियों की सफाई नहीं होने और सर्विस रोड की ऊंचाई अधिक होने के कारण बारिश का पानी हाईवे पर जमा हो गया। इससे सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया और वाहन रेंगते नजर आए।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और निर्माण संबंधी कमियों को सुधारने का आश्वासन दिया है। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here