रायपुर में पाइप लाइन बिछाने का काम जारी, सड़क बंद होने से आवागमन प्रभावित

0

रायपुर। राजधानी रायपुर में लाखेनगर से आमापारा चौक के बीच नगर निगम द्वारा पाइप लाइन बिछाने और नाला निर्माण का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। निर्माण कार्य के कारण संबंधित मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क खोदकर पाइप लाइन बिछाने का कार्य कई दिनों से चल रहा है। निर्माण स्थल पर बड़े-बड़े मलबे और गड्ढों के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। ऐसे में राहगीरों और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है।

नगर निगम द्वारा पाइप लाइन को नाले से जोड़ने के लिए आवश्यक निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग लगाई गई है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हालांकि निगम प्रशासन का कहना है कि कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा, लेकिन फिलहाल सड़क बंद रहने से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नागरिकों ने निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कर सड़क को आमजन के लिए खोलने की मांग की है, ताकि यातायात व्यवस्था सामान्य हो सके और लोगों को राहत मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here