डीईओ की सख्ती के बाद नहीं खुलेंगे निजी स्कूल, 16 जून तक ऑनलाइन क्लास के निर्देश

0

रायपुर। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) की सख्ती के बाद राजधानी के कुछ निजी स्कूलों ने 1 जून से स्कूल खोलने का निर्णय वापस ले लिया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नए शिक्षा सत्र की नियमित कक्षाएं 16 जून से पहले शुरू नहीं की जाएंगी और तब तक ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी।

जानकारी के अनुसार, कुछ निजी स्कूलों ने भीषण गर्मी के बावजूद छात्रों को स्कूल बुलाने के लिए अभिभावकों को संदेश भेजे थे। इस पर अभिभावकों ने आपत्ति जताई और मामले की शिकायत शिक्षा विभाग तक पहुंची।

डीईओ ने स्कूल प्रबंधन को शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि 44-45 डिग्री तापमान में बच्चों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। विभाग की चेतावनी के बाद संबंधित स्कूलों ने अपने फैसले में बदलाव करते हुए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने की सूचना अभिभावकों को दी है।

इधर, कई निजी स्कूलों में नए शिक्षा सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग ने सभी संस्थानों को निर्धारित तिथि और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here