ग़ज़ल की दुनिया को बड़ा झटका: मशहूर शायर Bashir Badr का 91 साल की उम्र में निधन

0

भोपाल: उर्दू अदब की दुनिया से गुरुवार को एक बेहद दुखद खबर सामने आई। उर्दू गजल को नई पहचान देने वाले मशहूर शायर बशीर बद्र का 91 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गुरुवार दोपहर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही साहित्य जगत, शायरी प्रेमियों और अदबी हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर भी उनके चाहने वाले उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि डॉ. बशीर बद्र लंबे समय से डिमेंशिया जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। बीमारी के चलते उनकी याददाश्त काफी कमजोर हो गई थी और वे लोगों को पहचानने में भी असमर्थ हो गए थे। पिछले कुछ महीनों से उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी।

शाम तक हो सकता है अंतिम संस्कार
परिजनों के अनुसार, बशीर बद्र का अंतिम संस्कार गुरुवार शाम तक किया जा सकता है। हालांकि अंतिम संस्कार के समय और स्थान को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

उर्दू गजल को नई ऊंचाई देने वाले शायर
डॉ. बशीर बद्र का नाम उर्दू शायरी की दुनिया में बेहद सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने साल 1969 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से उर्दू साहित्य में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद 12 अगस्त 1974 को उन्होंने मेरठ कॉलेज के उर्दू विभाग में लेक्चरर के रूप में अपनी सेवाएं शुरू कीं और वर्ष 1990 तक वहां अध्यापन किया।

1974 से 1990 तक का दौर उनके साहित्यिक जीवन का स्वर्णिम समय माना जाता है। इसी दौरान उनकी गजलें देशभर में लोकप्रिय हुईं और उन्होंने उर्दू शायरी को आम लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगी उनकी गजलें
बशीर बद्र की शायरी में मोहब्बत, रिश्ते, तन्हाई, दर्द और जिंदगी की गहरी संवेदनाएं देखने को मिलती हैं। उनकी लेखनी की सबसे बड़ी खासियत उसकी सादगी और आम बोलचाल की भाषा रही, जिसने हर वर्ग के लोगों को उनसे जोड़ा।

उनके कई शेर आज भी मुशायरों की पहचान माने जाते हैं। उनकी गजलें आने वाली पीढ़ियों को भी अदब और एहसास की दुनिया से जोड़ती रहेंगी।

“कुछ तो मजबूरियाँ रही होंगी, यूँ कोई बेवफा नहीं होता।”

“उजाले अपनी यादों के हमारे साथ रहने दो, न जाने किस गली में जिंदगी की शाम हो जाए।”

डॉ. बशीर बद्र का जाना उर्दू साहित्य और शायरी की दुनिया के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here