खाद नहीं, डीजल महंगा: खेती संकट पर किसान संघ ने चेताया सरकार को

0

कुरुद। जिले में कृषि कार्य इन दिनों तेज़ी पर है, एक ओर किसान रबी फसल की धान कटाई में जुटे हैं, तो दूसरी ओर अगली फसल की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। ऐसे अहम समय में खाद की कमी और डीजल संकट ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्थिति को गंभीर बताते हुए भारतीय किसान संघ जिला धमतरी ने शासन-प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है।

भारतीय किसान संघ ने सरकार पर साधा निशाना
भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने राज्य सरकार की खाद वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। संघ का कहना है कि ऐन बोनी के समय किसानों को आधी मात्रा में खाद देना पूरी तरह गलत निर्णय है। किसानों को प्रति एकड़ केवल आधा बोरा यूरिया और आधा बोरा डीएपी दिया जा रहा है, जो खेती के लिए पर्याप्त नहीं है। संघ ने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार बताए आखिर किस वैज्ञानिक की सलाह पर इतनी कम मात्रा तय की गई है।

डीएपी की कालाबाजारी का आरोप
किसान संघ ने आरोप लगाया कि सरकारी स्तर पर खाद की कमी का फायदा बिचौलिये उठा रहे हैं। ₹1400 में मिलने वाला डीएपी किसानों को ₹2200 तक में बेचा जा रहा है। इतना ही नहीं, किसानों को खरीद का कोई पक्का बिल भी नहीं दिया जा रहा। संघ ने प्रशासन से मांग की है कि खाद दुकानों की रसीदों और बिक्री रिकॉर्ड की सघन जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

डीजल प्रतिबंध से भी बढ़ी परेशानी
भारतीय किसान संघ ने प्रशासन द्वारा जरकिन और डिब्बों में डीजल देने पर लगाए गए प्रतिबंध को भी किसान विरोधी बताया। संघ का कहना है कि किसान हर बार ट्रैक्टर लेकर पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंच सकता, इसलिए यह प्रतिबंध तत्काल हटाया जाना चाहिए।

एक सप्ताह में समाधान नहीं तो होगा चक्काजाम
भारतीय किसान संघ ने साफ चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर खाद और डीजल की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो जिलेभर में उग्र धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी उठे सवाल
संघ ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी नाराजगी जताई। प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जिला अध्यक्ष लाला रामचंद्राकर, जिला मंत्री दुलार सिंह, ललित, सिंधु बैस, राजकुमार चंद्राकर, रामकुमार सिन्हा, विनय साहू, टोमन साहू और ठाकुर राम साहू ने संयुक्त रूप से किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here