Bhatagaon स्थित बीएसयूपी कॉलोनी चंदन विहार में इन दिनों पेयजल संकट गहराता जा रहा है। नगर निगम द्वारा अब तक मोटर पंप ऑपरेटर की व्यवस्था नहीं किए जाने से कॉलोनीवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब तक ठेकेदार के माध्यम से एक पंप ऑपरेटर उपलब्ध कराया गया था, क्योंकि भवन की देखरेख ठेकेदार के अधीन थी, लेकिन ठेका समाप्त होने के बाद यह व्यवस्था बंद हो गई है।
ऐसे फ्लैट सिस्टम में आमतौर पर कॉलोनी की साफ-सफाई, पानी, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए एक समिति का गठन किया जाता है, जिसके संचालन हेतु रहवासियों से मेंटेनेंस राशि ली जाती है। चंदन विहार में भी इसी उद्देश्य से समिति बनाई गई है, जहां मात्र 200 रुपये मासिक मेंटेनेंस शुल्क निर्धारित है।
दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि आधे से अधिक लोग नियमित रूप से मेंटेनेंस राशि जमा करते हैं, जबकि कुछ लोग सहयोग नहीं करते। कई लोग यह सोचते हैं कि एक बार मकान लेने के बाद उन्हें किसी प्रकार का भुगतान नहीं करना चाहिए। इस सोच के कारण कॉलोनी की व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और जो जिम्मेदार लोग हर माह भुगतान कर रहे हैं, उन्हें भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इस समस्या का एक बड़ा कारण जागरूकता और शिक्षा की कमी है। कई लोग सामूहिक जीवन शैली और सामुदायिक जिम्मेदारियों को समझ नहीं पा रहे हैं। वहीं नगर निगम द्वारा भी ऐसे मामलों में कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे लोगों में जवाबदेही और डर का अभाव है।
कॉलोनीवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द स्थायी मोटर पंप ऑपरेटर की नियुक्ति की जाए तथा कॉलोनी की मूलभूत सुविधाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि रहवासियों को राहत मिल सके।



