बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में इमरजेंसी सहायता व्यवस्था को और अधिक आधुनिक एवं मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश के सभी 33 जिलों में “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा का विस्तार किया जा रहा है। इस क्रम में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले को भी आज डायल-112 सेवा की सौगात मिलने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अब तक बलौदाबाजार जिले में डायरेक्ट डायल-112 की उन्नत सुविधा उपलब्ध नहीं थी, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में इस सेवा के विस्तार की घोषणा के बाद जिलेवासियों को भी इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। हालांकि, जिले के अधिकारियों द्वारा अभी तक इसकी अधिकृत पुष्टि नहीं की गई है।
गृहमंत्री अमित शाह 400 अत्याधुनिक डायल-112 वाहनों को दिखाई हरी झंडी
आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 400 अत्याधुनिक डायल-112 वाहनों और 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इन अत्याधुनिक वाहनों में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन तकनीकों की मदद से घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल-टाइम ट्रैकिंग और त्वरित संचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
नागरिकों तक पुलिस की पहुंच होगी आसान
यह सेवा 24×7 संचालित होगी। साथ ही राज्य के सभी 33 जिला समन्वय केंद्रों को इस नेटवर्क से जोड़ा गया है। नागरिक अब वॉयस कॉल, एसएमएस, ईमेल, वेब पोर्टल, व्हाट्सएप, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के माध्यम से भी तत्काल सहायता प्राप्त कर सकेंगे। यदि बलौदाबाजार जिले में इसकी आधिकारिक शुरुआत होती है, तो यह जिले की पुलिस व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।



